http://in.jagran.yahoo.com/news/local/haryana/4_6_5915838.html
अंबाला, लंबी जद्दोजहद व कयासों के बीच हुड्डा मंत्रिमंडल का आखिरकार 6 नवंबर को विस्तार करने का फैसला किया गया है। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर से पहले राजभवन में होगा।
22 नवंबर को चुनाव नतीजों के बाद 25 नवंबर को मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अकेले शपथ ली थी। तभी से मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर लगातार कयास लगाए जा रहे थे।
मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कइ्र तरह के सवाल तैर रहे हैं। पहला यह कि पहले चरण में कितने मंत्री बनाए जाएंगे? निवर्तमान मंत्रियों से कितने को दोबारा मंत्री पद से नवाजा जाएगा और सरकार को समर्थन दे रहे सात निर्दलीय व एक बसपा विधायक में से कितने का मंत्री पद के लिए दांव लगेगा? हजकां से अभी कोई बात सिरे चढ़ पाई है या नहीं आदि-आदि।
मंत्रिमंडल में कांग्रेस के 40 विधायकों को प्रतिनिधित्व देने के साथ सात निर्दलीय व एक बसपा विधायक को भी 'एडजस्ट' करना है। हजकां के साथ बात सिरे जड़ जाती है तो हजकां के छह विधायकों पर भी विचार जरूरी हो जाएगा।
चर्चाओं के अनुसार, जीतकर आए निवर्तमान सभी छह मंत्रियों को दोबारा मंत्री बनाने के फार्मूले पर भी एकमत है। इन सबके बीच सामाजिक व जातीय समीकरणों को कतई नजर अंदाज करना संभव नहीं हो रहा है।
हरियाणा की 90 सदस्सीय विधानसभा को देखते हुए प्रदेश सरकार में 14 से अधिक मंत्री नहीं बनाए जा सकते। सभी वर्गो को नुमाइंदगी देने के लिहाज से जातीय हिसाब से मंत्रियों का वर्गीकरण करें तो मौटे तौर पर यह नतीजा निकलता है। मंत्रिमंडल में चार जाट, दो अहीर, एक ब्राह्मण, एक मुस्लिम, दो दलित, दो वैश्य, एक पंजाबी और एक पिछड़ा वर्ग या कोई अन्य जाति को प्रतिनिधित्व मिल सकता है। वैसे मंत्रिमंडल में एक सिख को भी स्थान दिया जाता है पर हरमोहिंदर सिंह चट्ठा को विधानसभा का अध्यक्ष बनाकर सिख समुदाय को नुमाइंदगी दे दी गई है।
संभावनाओं और वरिष्ठता के नजरिए से देखें तो जाटों में भूपेंद्र सिंह हुड्डा मुख्यमंत्री बन ही चुके हैं।
रणदीप सिंह सुरजेवाला व किरण चौधरी का मंत्री बनना तय दिखता है। इसके बाद एक ही जाट को और मंत्री बनाया जा सकता है। इनमें विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष रघुबीर सिंह कादियान, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव धर्मबीर सिंह और पूर्व वित्तामंत्री संपत सिंह में से कोई एक हो सकता है।
अहीर समुदाय से पूर्व सिंचाई मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव का मंत्री बनना लगभग तय है। इसके साथ सांसद इंद्रजीत के भाई यादवेंद्र सिंह को भी मंत्री बनाने की चर्चाएं हैं। पर तीसरी बार विधायक बनी अनिता यादव ने भी इस बार दावा ठोका हुआ है। मुस्लिम समुदाय में निर्दलीय विधायक जलेब खान या बसपा विधायक अकरम खान में से किसी एक के मंत्री बनने की संभावना है। वैसे कांग्रेस विधायक आफताब अहमद का भी मंत्री पद के दावेदारों में हैं।
दलित वर्ग से झज्जर से विधायक गीता भुक्कल मातनहेल का मंत्री बनना पक्का माना जा रहा है। उनके साथ अनुसूचित जाति ए के किसी विधायक को मंत्री बनाया जा सकता है।
ब्राह्मण सुमदाय में से पूर्व मंत्री विनोद शर्मा या प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी प्रधान कुलदीप शर्मा का नाम चर्चा में है। वैसे इस वर्ग से निर्दलीय विधायक शिवचरण शर्मा को भी मंत्री पद मिल जाए तो कोई हैरानी की बात नहीं होगी।
वैश्य समुदाय में पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल का मंत्री बनना तय लगता है। इनके साथ वैश्य समुदाय के निर्दलीय विधायक गोपाल कांडा या ओम प्रकाश जैन में से एक को मंत्री बनाया जा सकता है। पंजाबी समुदाय में पूर्व प्रदेश कांग्रेस प्रधान बलबीर पाल शाह की भी इस बार लाटरी लग सकती है। पिछड़ा वर्ग में से अगर किसी को नुमाइंदगी देने की बात आई को राम निवास घोड़िल्ला का नंबर लग सकता है। वैसे इस वर्ग में कई कम जनसंख्या वाले समुदाय के विधायक दावेदार हैं।
वैसे पहले चरण में आठ मंत्री बनाने की चर्चा है। अब देखना यह है कि किस वर्ग के कितने और आते हैं। पर इतना तय है कि खींचतान में पहले की तरह मंत्री पद खाली रखने का जोखिम कतई नहीं लिया जा सकता।
इधर अभी हजकां के समर्थन का इंतजार भी रहेगा। हजकां के समर्थन की बात बन जाती है तो दो मंत्री उनके भी बनाएं जाएंगे। इस स्थिति में मंत्रीमंडल में जातीय समीकरण बदलने पड़ सकते हैं।
ab dekho kon khush hota hai or kon naaraz....wait for tommorrow.