Jul 15, 12:48 am
खरखौदा, संवाद सहयोगी
हिंदू विवाह अधिनियम में संशोधन को लेकर बुधवार को कस्बे की अनाज मंडी में पंचायत हुई। इसमें प्रदेश की 74 खापों के प्रधानों व प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। पंचायत में अधिनियम में संशोधन के लिए राज्य सरकार को ज्ञापन दिए जाने का फैसला किय गया। इतना ही नहीं पंचायत में यह निर्णय भी लिया गया कि सरकार अगर संशोधन नहीं करवा पाती है, तो सर्वखाप पंचायत बुलाकर संघर्ष का एलान किया जाएगा। पंचायत में सात प्रस्ताव पेश किए गए व 21 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। जिन्हें पंचायत ने सर्वसम्मती से पारित कर दिया। पंचायत की अध्यक्षता दहिया खाप के प्रधान सुभाष दहिया उर्फ बल्लू ठेकेदार ने की।
दहिया खाप के प्रवक्ता रामपाल दहिया ने बताया कि हिंदू विवाह अधिनियम में संशोधन करवाने के लिए राज्य सरकार को खाप पंचायतों की तरफ से ज्ञापन दिया जाएगा। अगर सरकार उसे करने में सक्षम है और उसे पारित नहीं करती है तो सर्वखाप पंचायत बुलाकर संघर्ष का एलान किया जाएगा। सर्वखाप पंचायत बुलाने व संघर्ष की रूप रेखा तैयार करने का काम बुधवार को हुई पंचायत में बनाई गई कमेटी द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सामाजिक, धार्मिक व अन्य संगठन अपने जनहित रहित उद्देश्यों की पूर्ति के लिए खाप पंचायतों का इस्तेमाल कर रहे हैं। पंचायत में यह भी निर्णय लिया गया कि जो संगठन खांपों के नाम पर अपने आप को स्थापित कर रहे हैं, उनसे दूरी बनाई जाए।
कोई भी संगठन हिंदू विवाह अधिनियम में संशोधन करने या गोत्र मसले को लेकर खाप पंचायतों को एकत्र करने संबंधी ब्यान आदि देते हैं तो उन पर गौर न करते हुए उनकी पंचायतों आदि में खाप पंचायतों के प्रतिनिधियों को नहीं जाना चाहिए। पंचायत में घटती लड़कियों की संख्या पर अंकुश लगाने के लिए कन्या भू्रण हत्या रोकने पर जोर दिया और प्रत्येक खाप प्रधान को अपनी खाप में इस बुराई पर रोक लगाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि कोई भी खाप पंचायत न तो हिंसा के पक्ष में है, न रही है और न ही आगे रहेगी।
इसके अलावा पंचायत में यह भी फैसला लिया गया कि 17 जुलाई व 1 अगस्त को महम चबूतरे पर होने वाली बैठक में प्रदेश की किसी भी खाप के प्रधान या प्रतिनिधि हिस्सा नहीं लेगा। गहलावत खाप की तरफ से प्रतिनिधि के तौर पर पधारे राजकुमार रिढाऊ ने कहा कि आज के आधुनिक युग में युवा पीढ़ी अपना रास्ता भटक गई है। इसलिए हमें अपने बच्चों के भविष्य को अंधकारमय होने से बचाया जाना बेहद जरूरी है। बैठक में दहिया खाप के सचिव रणजीत दहिया, जौली चौगामा के महासचिव रामकिशन, हुड्डा खाप से धर्मपाल हुड्डा, सांगवान खाप की तरफ से ताराचंद, दलाल खाप से साहब सिंह, कादयान खाप से कैप्टन राज सिंह, मोर खाप से राम सिंह मोर, देशवाल बारहा से उमेद सिंह देशवाल, नरवाल खाप से भलेराम नरवाल, श्याम सिंह, महम चौबीसी से रामफल राठी, हिसार से सुमेर सहित 74 खांपों के प्रतिनिधियों ने पंचायत में हिस्सा लिया। दहिया खाप के सचिव रणजीत दहिया ने मंच का संचालन किया।
पंचायत में बनाई गई कमेटी के सदस्यों के नाम
दहिया खाप के प्रधान सुभाष दहिया, बलजीत मलिक गठवाला खाप, कैप्टन राजसिंह कादियान खाप, कर्नल चंद्र सिंह, मोर खाप के प्रधान रामफल मोर, श्याम सिंह प्रधान झाड़सा 360, राजेंद्र सिंह प्रधान दलाल खाप, रामफल राठी सचिव महम चौबीसी, भलेराम नरवाल प्रधान नरवाल खाप, किशनचंद प्रधान पालम 360, श्रीकृष्ण हुड्डा प्रधान हुड्डा खाप, ताराचंद सचिव सांगवान खाप, देवा सिंह श्योकंद प्रधान दहाड़न खाप, नफे सिंह नैन प्रधान बिनैन खाप, ऊमेद सिंह प्रधान दुल्हेड़ा बारहा, ओम प्रकाश धनखड़, गोरधन प्रधान महरोली 360, रणजीत दहिया सचिव दहिया खाप, हरदीप अहलावत प्रधान 84 रोहतक, रणधीर सिंह प्रधान सरोहा खाप व सतबीर गहलावत प्रधान फरमाणा अठगांमा को कमेटी में शामिल किया गया है।