[h=1]मनदीप की गिरफ्तारी से सन्न हैंपरिजन[/h]
Aug 08, 08:39 pm
बताएं
मनदीप की मां बोली, साढ्ढा मुंडा बेकसूर है
मुख्य संवाददाता, सिरसा
एयर होस्टेस गीतिका शर्मा खुदकशी मामले में सिरसा के युवक मनदीप की गुडगांव में गिरफ्तारी की खबर के बाद उसके परिजन सन्न हैं। रिश्तेदारों का मनदीप के घर जमघट होने लगा है। मनदीप की मां यह मानने को कतई तैयार नहीं है कि उसका बेटा कसूरवार है।
बुधवार दोपहर टीवी चैनलों में जैसे ही सिरसा के मनदीप की गिरफ्तारी की खबर प्रसारित हुई, वैसे ही शहर के शिव चौक बडौदा बैंक वाली गली स्थित रणधीर सिंह के घर रिश्तेदारों और जानकार लोगों का आना-जाना शुरू हो गया। इस मामले में अपडेट लेने के लिए देर शाम तक मनदीप के परिजन टीवी पर नजरें गड़ाए बैठे रहे।
दैनिक जागरण से बातचीत में मनदीप की मां सुखविंद्र कौर ने कहा कि साढ्ढा मुंडा बेकसूर है। उसे यकीन है कि मनदीप ऐसा काम नहीं कर सकता है।
मनदीप के चचेरे भाई हरपाल ने कहा कि गोपाल कांडा के मोबाइल मांगने पर मनदीप ने अपना मोबाइल दे दिया, अब उसे थोड़े ही पता था कि कांडा किससे बात कर रहा है। बकौल हरपाल, कांडा की वजह से मनदीप की बदनामी हुई है।
मनदीप के फूफा हरभजन सिंह व अजीत सिंह का कहना है कि कंपनी का मालिक जब मोबाइल मांग ले तो कर्मचारी कैसे मना कर सकता है। मनदीप के साथ यही हुआ। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिल्ली पुलिस सच्चाई तक जाएगी। मनदीप पाक साफ निकल कर आएगा।
तीन साल से गुडगांव नौकरी कर रहा है मनदीप
24 साल का मनदीप पिछले तीन साल से गोपाल कांडा के गुडगांव स्थित कार्यालय में बतौर क्लर्क नौकरी कर रहा है। मनदीप की मां ने बताया कि वह पहले कांडा के यहां शू कैंप आफिस में काम करता था। फिर उसे गुडगांव आफिस में बुला लिया।