आरक्षण के नाम पर जाटों से धोखा
भास्कर न्यूज -!- भूना
अखिल भारतीय जाट आरक्षण समिति के प्रदेशाध्यक्ष धर्मपाल छौत ने आरोप लगाया है कि सरकार ने जाट आरक्षण के नाम पर जाटों के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि आरक्षण की मांग को लेकर 6 मार्च को गांव मय्यड़ में शहीद संदीप कड़वासरा के शहीदी दिवस पर जाट आरक्षण आंदोलन शुरू होगा। वे सोमवार को जनता धर्मशाला में जिला स्तरीय जाट संघर्ष समिति की बैठक में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जाटों को ओबीसी का आरक्षण मिलना चाहिए। लेकिन सरकार द्वारा घोषित जाट व अन्य चार जातियों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का समाज को केवल तृतीय व चुतुर्थ श्रेणी की नौकरियों में फायदा होगा परंतु प्रथम श्रेणी व द्वितीय श्रेणी की नौकरियों में जाटों को केवल 4 प्रतिशत हिस्सा होगा। छौत ने कहा कि क्या जाट केवल क्लर्क, सिपाही, चौकीदार, चपरासी आदि की ही नौकरी करते रहेंगे। उन्हें अधिकारी बनने से वंचित क्यों किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जाट आंदोलन में बनाए मुकद्दमे अभी तक वापस नहीं लिए है जिसके लिए उसने वादा किया था।